Ranchi News : झारखंड हाईकोर्ट ने बोकारो जिले के चास प्रखंड में पिछले 25 वर्षों से अधिक समय से दैनिक वेतनभोगी चालक (ड्राइवर) के रूप में कार्यरत कर्मी को राहत दी है. न्यायमूर्ति दीपक रोशन की एकलपीठ ने राज्य सरकार को याचिकाकर्ता बेला पद बाउरी की सेवा 12 सप्ताह के भीतर नियमित करने का निर्देश दिया है.
इसे भी पढ़ें...
क्या है पूरा मामला
चास निवासी बेला पद बाउरी वर्ष 2001 से प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), चास के अधीन लगातार चालक के पद पर कार्य कर रहे हैं. 2015 की नियमितीकरण नियमावली के तहत वर्ष 2017 में बोकारो डीसी द्वारा तैयार पैनल में उनका नाम तीसरे स्थान पर शामिल था.
हालांकि, वर्ष 2020 में तैयार किए गए पैनल में 13 मार्च 2020 के ज्ञापांक संख्या 328 के जरिए यह कहते हुए उनका दावा खारिज कर दिया गया कि उनकी नियुक्ति 'सक्षम प्राधिकार' (उपायुक्त) द्वारा नहीं, बल्कि बीडीओ द्वारा की गई थी.
सरकार की ओर से अदालत में यह दलील भी दी गई कि याचिकाकर्ता की नियुक्ति स्वीकृत पद के विरुद्ध और सक्षम प्राधिकार द्वारा नहीं होने के कारण वह 2015 की नियमावली की शर्तों को पूरा नहीं करते.
अदालत ने 13 मार्च 2020 के आदेश के उस हिस्से को रद्द कर दिया, जिसमें याचिकाकर्ता का दावा खारिज किया गया था. कोर्ट ने राज्य सरकार और बोकारो जिला प्रशासन को आदेश की प्रति प्राप्त होने की तिथि से 12 सप्ताह के भीतर याचिकाकर्ता को चालक के पद पर नियमित करने और औपचारिक आदेश जारी करने का निर्देश दिया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

