- रिम्स जमीन घोटाले में सीआईडी में दर्ज केस भी अहम
Ranchi News : रिम्स जमीन घोटाले की जांच के दौरान अधिकारियों के कथित कारनामों की परतें खुल रही हैं. इस मामले में अब तक सात अधिकारियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. जांच एजेंसियां संबंधित अधिकारियों की कार्यशैली और पुराने मामलों की भी पड़ताल कर रही हैं.
इसे भी पढ़ें...
इसी क्रम में हजारीबाग में तत्कालीन जिला अवर निबंधक रहे वैभव मणि त्रिपाठी पर एक RTI कार्यकर्ता को कथित तौर पर फर्जी NDPS केस में फंसाने की साजिश में शामिल होने का आरोप सामने आया है. इस संबंध में वर्ष 2021 के एक पुलिसिया स्वीकारोक्ति बयान का हवाला दिया जा रहा है.
मामला RTI कार्यकर्ता राजेश मिश्रा से जुड़ा है. उन्होंने हजारीबाग निबंधन कार्यालय में कथित अनियमितताओं को लेकर सूचना के अधिकार के तहत कई जानकारियां मांगी थीं. आरोप है कि इससे तत्कालीन जिला अवर निबंधक और कार्यालय के कुछ कर्मचारियों की परेशानी बढ़ गई थी. इसी के बाद उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की योजना बनाई गई.
मोटरसाइकिल में नशीला पदार्थ रखने का आरोप
इस प्रकरण से संबंधित लोहसिंघना थाना कांड संख्या 25/21, दिनांक 3 मार्च 2021 के मामले में तत्कालीन सब रजिस्ट्रार कार्यालय के क्लर्क आनंद कुमार का स्वीकारोक्ति बयान सामने आया है. पुलिस के समक्ष 5 मार्च 2021 को दर्ज बयान में उसने कथित साजिश का विवरण दिया है.
बयान के मुताबिक, 25 फरवरी 2021 को आनंद कुमार की मुलाकात एजाज अशरफ उर्फ बबलू से हुई थी. बातचीत में राजेश मिश्रा की ओर से RTI के तहत जानकारी मांगे जाने का जिक्र हुआ. आनंद कुमार ने अपने बयान में आरोप लगाया कि वैभव मणि त्रिपाठी के कहने पर राजेश मिश्रा को किसी मामले में फंसाकर जेल भेजने की योजना बनाई गई थी.
बयान के अनुसार, राजेश मिश्रा को NDPS मामले में फंसाने के लिए उनकी मोटरसाइकिल में नशीला पदार्थ रखने की योजना बनी. 3 मार्च 2021 को राजेश मिश्रा अपनी मोटरसाइकिल संख्या JH-02 AJ-1045 से पुराने कलेक्ट्रेट पहुंचे और लेबर कोर्ट के सामने वाहन खड़ा किया.
आनंद कुमार के बयान में आरोप लगाया गया है कि एजाज अशरफ की सूचना पर आदित्य सोनी को वहां बुलाया गया. वह राजेश मिश्रा को चाय पिलाने के बहाने अपने साथ ले गया. इसी दौरान एजाज अशरफ के भाई सरफराज आलम उर्फ गुड्डू और मेराज हुसैन उर्फ बंटी ने कथित तौर पर मोटरसाइकिल की डिक्की में काले रंग की प्लास्टिक में अफीम और ब्राउन शुगर रख दिया.
इसके बाद आदित्य सोनी ने कथित तौर पर लोहसिंघना थाना प्रभारी को सूचना दी. कुछ देर बाद सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी पहुंचे और राजेश मिश्रा की मोटरसाइकिल की पहचान कर उन्हें अपने साथ ले गये.
NDPS अदालत में भी पेश हुआ था बयान
इस मामले में आनंद कुमार के स्वीकारोक्ति बयान में तत्कालीन जिला अवर निबंधक वैभव मणि त्रिपाठी का नाम आने से प्रकरण की गंभीरता बढ़ गई है. दस्तावेज के अनुसार, यह बयान 6 मार्च 2021 को विशेष NDPS न्यायालय में प्रमाणित प्रति के रूप में प्रस्तुत किया गया था.
मामले में पुलिस की कार्रवाई के दौरान कई आरोपियों की गिरफ्तारी भी हुई थी. अब इस पूरे प्रकरण की जांच सीआईडी कर रही है. ऐसे में अब निगाहें सीआईडी की जांच पर टिकी हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


