Saraikela News : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के डांगोड़डी इलाके में रविवार दोपहर ब्राउन शुगर को लेकर हुए विवाद में गोलीबारी की घटना सामने आई है. इस घटना में मोहम्मद फैयाज आलम गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
इसे भी पढ़ें...
जानकारी के अनुसार, घटना रविवार दोपहर करीब 12 बजे की है. छोटा साजिद ने बताया कि इलाके में अयान, लकी, डानिस और सलमान कथित तौर पर ब्राउन शुगर बेच रहे थे. इसी दौरान अरबाज वहां पहुंचा. इसके बाद ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया.
साजिद का आरोप है कि विवाद के दौरान अयान ने पिस्टल निकालकर उस पर गोली चला दी. हालांकि, गोली साजिद को नहीं लगी, बल्कि वहां मौजूद मोहम्मद फैयाज आलम को जा लगी. गोली लगने से फैयाज गंभीर रूप से घायल हो गए.
वहीं, इस विवाद को लेकर दो अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं. छोटा साजिद का कहना है कि अरबाज ब्राउन शुगर खरीदने पहुंचा था, जबकि दूसरे दावे के अनुसार अरबाज ब्राउन शुगर की बिक्री का विरोध कर रहा था.
फिलहाल गोली कितने राउंड चली, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. घायल फैयाज आलम मूल रूप से बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं.
घटना के बाद कपाली पुलिस जांच में जुट गई है. जानकारी के अनुसार, पुलिस एक युवक को लेकर पूछताछ कर रही है. अब पुलिस जांच के बाद ही गोलीबारी की असली वजह और घटना में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो पाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

