Search

 
 
 

Saraikela News : हाइवा की चपेट में आकर बाइक सवार महिला की मौत, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

खरसावां जिले में सोमवार तड़के कोलाबिरा के पास एक तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार दो लोगों को पीछे से टक्कर मार दी.
 

Saraikela: खरसावां जिले में सोमवार तड़के कोलाबिरा के पास एक तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार दो लोगों को पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी की बाइक पर सवार रापचा निवासी फुलसरी महतो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हाथीटांड़ निवासी शंभू चरण महतो गंभीर रूप से घायल हो गए.

 

जानकारी के अनुसार, दोनों बाइक से कदमा से दुगनी दवा लेने जा रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद महिला सड़क पर गिर गई और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि शंभू चरण महतो घायल हो गए.

 

इसे भी पढ़ें...

 

हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश करने लगा. हालांकि स्थानीय लोगों और राहगीरों ने उसका पीछा किया और दुगनी क्षेत्र में हाइवा को पकड़ लिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में ले लिया.

 

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतका का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया. जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया. ग्रामीणों ने मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने, आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने की मांग की.

 

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. समाचार लिखे जाने तक लोगों को शांत कराने और यातायात सामान्य कराने की कोशिश जारी थी.

 

गौरतलब है कि पिछले 24 घंटे के भीतर जिले में यह तीसरा बड़ा सड़क हादसा है, जिसमें लोगों की जान गई है. इससे पहले आदित्यपुर, कांड्रा और सरायकेला क्षेत्र में भी सड़क दुर्घटनाओं में मौत की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. लगातार हो रहे हादसों के बाद जिले की सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं.

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने के कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं. उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करने की मांग की है.

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही