Ranchi : 70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता 2026–27 के लिए राज्य स्तरीय खुली चयन प्रक्रिया के दूसरे चरण का आयोजन 18 अगस्त से खेलगांव स्थित विभिन्न स्टेडियम एवं खेल परिसरों में किया जाएगा. दूसरे चरण में ताइक्वांडो, कबड्डी, एथलेटिक्स (बालिका) और शूटिंग के लिए खिलाड़ियों का खुला चयन होगा. इसमें अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे.
रांची की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
इस चयन प्रक्रिया में सरकारी और निजी विद्यालयों के पात्र छात्र-छात्राएं भाग ले सकते हैं. इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित पात्रता और आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित खेल के चयन स्थल पर पहुंचकर ट्रायल में शामिल हो सकते हैं.
ताइक्वांडो का ट्रायल गणपत राय इंडोर स्टेडियम, कबड्डी का ताना भगत इंडोर स्टेडियम, एथलेटिक्स (बालिका) का खेलगांव प्रैक्टिस मैदान और शूटिंग का ट्रायल टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित किया जाएगा.
ट्रायल की तैयारियों को लेकर सोमवार को राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी-सह-आयोजन सचिव धीरसेन ए. सोरेंग ने खेलगांव स्थित वीवीआईपी गेस्ट हाउस हॉल में आयोजन समिति और ग्राउंड समिति के सदस्यों के साथ बैठक की. बैठक में उन्होंने सभी सदस्यों को उनके कार्य एवं दायित्वों की जानकारी दी.
उन्होंने निर्देश दिया कि चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और ट्रायल निर्धारित व्यवस्था के अनुसार सुचारु रूप से संचालित किया जाए. किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न होने पर संबंधित ग्राउंड समिति की जवाबदेही तय की जाएगी.
उन्होंने सभी पदाधिकारियों और समितियों को आपसी समन्वय के साथ चयन प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित और निष्पक्ष तरीके से पूरा कराने का निर्देश दिया. चूंकि चयन प्रक्रिया एक दिवसीय है, इसलिए खिलाड़ियों का पंजीयन सुबह 7 बजे से 10 बजे तक किया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

