Ranchi News : राज्य में छात्रवृत्ति भुगतान में हो रही देरी को लेकर कल्याण मंत्री चमरा लिंडा ने चिंता जताई है. शुक्रवार को उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर छात्रवृत्ति योजनाओं के क्रियान्वयन और भुगतान की स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने सभी जिलों को भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें...
बैठक में विशेष रूप से पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के भुगतान पर चर्चा हुई. मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार से इस योजना के लिए अपेक्षित राशि नहीं मिलने के कारण छात्र-छात्राओं में असंतोष है. विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति का लाभ मिलना चाहिए. इस दिशा में विभागीय स्तर पर गंभीरता से काम करने की जरूरत है.
समीक्षा के दौरान विभागीय सचिव ने बताया कि SNA Sparsh प्रणाली लागू होने के बाद भुगतान प्रक्रिया में कुछ तकनीकी समस्याएं उत्पन्न हुई थीं. इस वजह से विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति की राशि मिलने में विलंब हुआ. हालांकि, अब तकनीकी समस्याओं का समाधान कर भुगतान प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी गई है.
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित छात्रवृत्ति भुगतान में तेजी लाएं और यह सुनिश्चित करें कि विद्यार्थियों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े. बैठक में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के सचिव, आदिवासी कल्याण आयुक्त तथा आदिवासी सहकारी विकास निगम, रांची के प्रबंध निदेशक उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

