Sports News : डेविस कप टेनिस के सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए इटली ने फाइनल में जगह बना ली. टीम ने शनिवार को खेले गए मैच में चेकिया को 2-1 से हरा दिया. इस जीत के साथ इटली लगातार चौथी बार डेविस कप के फाइनल में पहुंचने में सफल रहा. टीम की जीत के सबसे बड़े हीरो टेनिस खिलाड़ी लोरेंजो मुसेट्टी रहे, जिन्होंने सिंगल्स और डबल्स दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज की.
इसे भी पढ़ें...
सेमीफाइनल के पहले सिंगल्स मुकाबले में लोरेंजो मुसेट्टी ने शानदार खेल दिखाते हुए चेकिया के जैकब मेंसिक को सीधे सेटों में 6-3, 6-4 से हराया. इस जीत के साथ इटली ने मुकाबले में 1-0 की बढ़त बना ली.
मुसेट्टी ने पूरे मुकाबले में बेहतरीन नियंत्रण बनाए रखा और अपने खिलाफ आए सभी छह ब्रेक प्वाइंट बचाए. उनके प्रदर्शन ने इटली को मजबूत शुरुआत दिलाई.
दूसरे सिंगल्स मुकाबले में चेकिया के जिरी लेहेका ने शानदार वापसी करते हुए इटली के फ्लेवियो कोबोली को 6-2, 1-6, 6-3 से हरा दिया. इस जीत के साथ चेकिया ने मुकाबले में 1-1 की बराबरी कर ली और सेमीफाइनल का फैसला निर्णायक डबल्स मुकाबले पर पहुंच गया.
डबल्स मुकाबले में लोरेंजो मुसेट्टी और एंड्रिया वावास्सोरी की जोड़ी का सामना चेकिया के जिरी लेहेका और टॉमस माचाक से हुआ. इटली की जोड़ी ने पहला सेट 3-6 से गंवा दिया, लेकिन इसके बाद शानदार वापसी करते हुए दूसरा सेट 6-1 से अपने नाम कर लिया.
तीसरे और निर्णायक सेट में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला. आखिरकार मुकाबला टाई-ब्रेक तक पहुंचा, जहां मुसेट्टी और वावास्सोरी ने 1-3 से पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी की और 7-4 से टाई-ब्रेक जीत लिया. इस तरह इटली ने निर्णायक मुकाबला 3-6, 6-1, 7-6(4) से जीतकर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया.
इस जीत के साथ डेविस कप में इटली का लगातार टाई जीतने का सिलसिला 16 तक पहुंच गया है. टीम ने 2023 में कनाडा के खिलाफ 0-3 की हार के बाद से इस प्रतियोगिता में कोई टाई नहीं गंवाया है. मौजूदा चैंपियन इटली अब लगातार चौथा फाइनल खेलने के लिए तैयार है.
जीते के बाद मुसेट्टी ने कहा कि यह दिन मेरे दिल में खास मायने रखता है. डेविस कप में पिछले कुछ मैच जीत नहीं पाने के बाद मुझे वापसी करने और यह साबित करने की जरूरत थी कि मैं टीम की मदद कर सकता हूं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

