Search

 
 
 

मुजफ्फरपुर में कपड़ा व्यवसायी के मुंशी को अपराधियों ने मारी गोली

 

मुंशी की सड़क पर मिली लाश

Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर शहर के कपड़ा व्यवसायी के मुंशी की अपराधियों ने बुधवार को गोली मारकर हत्या कर दी. दोपहर को मुंशी का शव सोनबरसा थाना क्षेत्र के सिंगरहिया एनएच-77 स्थित जमुरा पुल के पास सड़क पर मिला. पुलिस ने शव को बरामद कर लिया है. उसकी पहचान मुजफ्फरपुर नगर थाना क्षेत्र के ओमप्रकाश पोद्दार के रूप में की गयी है.

घटना की सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ रमाकांत उपाध्याय दल बल बल के साथ पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से पांच खोखा, पैंट के टी पॉकेट से 41 हजार 500 रुपये, घड़ी और मोबाइल बरामद किया. एसपी हर किशोर राय ने कहा कि अपराधियों ने मुंशी की हत्या कहीं और कर शव को यहां फेंका है. शव देखने से लग रहा है कि छह से सात घंटे पूर्व गोली मारकर हत्या की गयी है.

मुंशी बकाया वसूलते थे

पुलिस ने पंचनामा तैयार करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. मृतक के पुत्र विशाल कुमार ने बताया कि उसके पिता मुजफ्फरपुर के सुतापट्टी में कपड़े की दुकान में नौकरी करते थे. सुबह लगभग छह बजे घर से निकले थे. व्यवसायी राजकुमार ने बताया कि पोद्दार प्रत्येक बुधवार को सोनबरसा, सीतामढ़ी और आसपास के खुदरा दुकानदारों से लहना की वसूली करते थे. सोनबरसा थाना क्षेत्र के अररिया चौक स्थित उपेंद्र कुमार, मनोज कुमार और सुनील कुमार के यहां से बकाया वसूलते थे.

कहा कि वे सुबह लहना वसूली के लिए बस से सीतामढ़ी के लिए निकले थे. इसी क्रम में अपराधियों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक घटनास्थल पर जहां शव पड़ा था, वहां खून नहीं गिरा था. प्रथम दृष्टया में लूट के दौरान गोली मारने की बात सामने आ रही है. उनका काला बैग भी गायब है. इसमें भारी मात्रा में कैश होने की आशंका व्यक्त की जा रही है. पुलिस की जांच जारी है.

 

 

 

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही