- विजेता को मिलेगा 1 लाख, उपविजेता को 50 हजार और मैन ऑफ द सीरीज को मिलेगी स्कूटी
- मेयर अरविंद राणा की पहल पर संजय सिंह स्टेडियम में होगा डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट
- 19 नवंबर को प्रशासन बनाम पत्रकार के बीच होगा उद्घाटन मुकाबला
Hazaribagh News : खेल के क्षेत्र में हजारीबाग को नई पहचान दिलाने के लिए मेयर अरविंद राणा के सौजन्य से ‘मेयर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट-2026’ आयोजन किया जा रहा है. 20 नवंबर से संजय सिंह स्टेडियम में शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट में झारखंड के सात नगर निगमों की टीमें हिस्सा लेंगी. टूर्नामेंट को लेकर मंगलवार को मेयर अरविंद राणा ने प्रेस वार्ता कर जानकारी साझा की.
इसे भी पढ़ें...
मेयर ने बताया कि इस प्रतियोगिता में धनबाद, गिरिडीह, रांची, हजारीबाग, देवघर, मानगो और आदित्यपुर की टीमें हिस्सा लेंगी. इसके अतिरिक्त एचडीसीए के माध्यम से हजारीबाग प्रशासन की टीम भी प्रतियोगिता का हिस्सा बनेगी, जिसके कप्तान हजारीबाग के उपायुक्त होंगे. टूर्नामेंट में मेयर अरविंद राणा, मेयर संजीव सिंह, मेयर रवि कुमार रावत, मेयर प्रमिला मेहरा, मेयर संजय सरदार, मेयर सुधा गुप्ता और मेयर रोशनी खलखो के नाम से टीमें मैदान में उतरेंगी.
मेयर ने बताया कि सभी मुकाबले 20-20 ओवर के लीग फॉर्मेट में डे-नाइट आयोजित किए जाएंगे. दिन के मुकाबले दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक तथा रात्रि के मुकाबले शाम 7 बजे से खेले जाएंगे. प्रतियोगिता में विजेता टीम को एक लाख रुपये नकद पुरस्कार के साथ ट्रॉफी और उपविजेता टीम को 50 हजार रुपये एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी. वहीं, मैन ऑफ द सीरीज बनने वाले खिलाड़ी को आकर्षक पुरस्कार के रूप में एक स्कूटी दी जाएगी.
उन्होंने बताया कि 19 नवंबर को उद्घाटन समारोह के अवसर पर प्रशासन और पत्रकारों की टीम के बीच एक विशेष मैत्री मुकाबला आयोजित किया जाएगा. इस मुकाबले के जरिए खेल भावना, आपसी सौहार्द और खेल के प्रति उत्साह का संदेश दिया जाएगा. टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 25 नवंबर को खेला जाएगा.
मेयर अरविंद राणा ने कहा कि यह टूर्नामेंट दिवंगत संजय सिंह की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है. उन्होंने कहा, जिस तरह हम सभी अपने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में अपनी भागीदारी निभा रहे हैं, उसी तरह खेल के क्षेत्र में भी हमारी सहभागिता जरूरी है. यह आयोजन उसी सोच का एक हिस्सा है. हमारा उद्देश्य हजारीबाग को खेल के क्षेत्र में नई पहचान दिलाना और प्रतिभावान खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाना है.
उन्होंने कहा कि मेयर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन अपने आप में एक अनूठी पहल है. संभवतः देश में पहली बार इस तरह के मेयर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है. इस आयोजन के माध्यम से विभिन्न नगर निगम क्षेत्रों के खिलाड़ियों को एक मंच मिलेगा और उनके बीच खेल भावना, प्रतिस्पर्धा एवं आपसी समन्वय को बढ़ावा मिलेगा.
मेयर ने हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल के प्रयासों की विशेष सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से आज संजय सिंह स्टेडियम राज्यस्तरीय क्रिकेट मैचों के आयोजन के लिए तैयार हो सका है. इसके लिए उन्होंने सांसद के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया.
मेयर ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन में संयोजक कुणाल कुमार उर्फ हैप्पी के योगदान की सराहना करते हुए सभी सहयोगियों एवं खेलप्रेमियों का आभार जताया.
मेयर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजन से हजारीबाग में खेल गतिविधियों को नई गति मिलने और स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक बेहतर मंच मिलने की उम्मीद है.
प्रेसवार्ता में वार्ड संख्या-13 के पार्षद विकास यादव, संयोजक कुणाल कुमार उर्फ हैप्पी, अजय पांडेय, मनमीत अकेला, राजेंद्र यादव, मंजीत यादव, पवन गुप्ता, संजय कुमार दास एवं सुनील कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

