Sports News : भारतीय महिला हॉकी टीम ने एक बार फिर अपना दबदबा कायम रखते हुए विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का खिताब जीत लिया. शनिवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में भारत ने चीन को 3-1 से हराकार चौथी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. इस जीत के साथ भारतीय खिलाड़ियों ने देश को एक और बड़ी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि दिलाई.
इसे भी पढ़ें...
फाइनल में भारत की ओर से दीपिका ने दो गोल दागकर जीत में अहम योगदान दिया, जबकि इशिका ने एक गोल किया. मुकाबले की शुरुआत में चीन ने आक्रामक रुख अपनाया और पहले ही मिनट में पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन भारतीय डिफेंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उसे गोल में बदलने नहीं दिया. सुनेलिता टोप्पो और निक्की प्रधान ने रक्षापंक्ति में अहम भूमिका निभाई.
पहले क्वार्टर में दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं. हालांकि, दूसरे क्वार्टर में चीन ने 25वें मिनट में युजुन चेन के गोल की मदद से 1-0 की बढ़त बना ली. हाफ टाइम तक भारतीय टीम इसी स्कोर से पीछे थी.
तीसरे क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने जोरदार वापसी की. 38वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर दीपिका ने शानदार गोल करते हुए मुकाबला 1-1 से बराबर कर दिया. इसके बाद 42वें मिनट में इशिका ने बेहतरीन फील्ड गोल कर भारत को 2-1 की बढ़त दिलाई. महज एक मिनट बाद दीपिका ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर स्कोर 3-1 कर दिया.
अंतिम क्वार्टर में चीन ने वापसी की कोशिश की, पर सफल न हो सके. भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और मजबूत डिफेंस के दम पर अपनी बढ़त कायम रखी. निर्धारित समय समाप्त होते ही भारतीय टीम ने ऐतिहासिक जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया. टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय खिलाड़ी दीपिका ने दो व्यक्तिगत पुरस्कार अपने नाम किए.
हॉकी इंडिया ने खिलाड़ियों पर की इनामों की बारिश
खिताबी जीत के बाद हॉकी इंडिया ने टीम के लिए नकद पुरस्कार की घोषणा की है. इसके तहत प्रत्येक खिलाड़ी को 3 लाख रुपये, जबकि सपोर्ट स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 1.5 लाख रुपये दिए जाएंगे.
जापान ने जीता कांस्य पदक
टूर्नामेंट के तीसरे स्थान के मुकाबले में जापान ने मलयेशिया को 5-2 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया. जापान की रिसा सासाकी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हैट्रिक लगाई.
- सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर: कुडो यू (जापान)
- जेएसडब्ल्यू राइजिंग स्टार: वेई किक्सियाओ (चीन)
- टॉप स्कोरर: दीपिका (भारत)
- मध्य प्रदेश प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट: दीपिका (भारत)
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

