Ranchi : आदिवासी नेत्री निशा भगत ने 6 नवंबर को आत्महत्या कर ली थी. इस मामले में आदिवासी नेता सन्नी टोप्पो ने पिठोरिया थाना प्रभारी की भूमिका को संदिग्ध बताया है. उन्होंने आरोप लगाया कि निशा भगत के घर पर हुई चोरी मामले में थाना प्रभारी ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की और उल्टा उन्हें ही परेशान किया.
सन्नी टोप्पो के अनुसार, निशा भगत के पिठोरिया स्थित आवास पर पिछले दिनों चोरी हुई थी. चोर उनका सर्टिफिकेट और जमीन के कागजात चोरी करके ले गए थे. अपनी पहचान छिपाने के लिए चोर घर में लगे सीसीटीवी भी ले गए थे. इस मामले में निशा भगत ने पिठोरीया थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. लेकिन थाना प्रभारी ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की.
इसे भी पढ़ें
फेसबुक पर लाइव आकर की थी आत्महत्या
गौरतलब है कि 6 नवंबर को पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित किराये के मकान में निशा भगत ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. इससे पहले वह फेसबुक लाइव पर आई थीं और रोते हुए अपनी परेशानी साझा की थी. लाइव वीडियो में उन्होंने जमीन के कारोबार से जुड़े लोगों, कथित प्रताड़ना और पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे.
आत्महत्या से पहले पिठोरिया थाना प्रभारी को भी फोन लगाया था और आत्महत्या करने की बात कही थी. हालांकि थाना प्रभारी ने उनको थाना बुलाने की बात कहकर फोन काट दिया था. लाइव वीडियो में निशा भगत ने अजय तिर्की का भी नाम लिया था.
अजय तिर्की व ज्योत्सना केरकेट्टा पर आत्महत्या के लिए उक्साने का आरोप
निशा भगत की मौत के मामले में उनके पिता हंदू भगत ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है. उन्होंने पिठोरिया थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की, आदिवासी नेत्री ज्योत्सना केरकेट्टा समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. उन्होंने दोनों पर निशा भगत की बदनामी कर आत्महत्या के लिए उक्साने का आरोप लगाया है .
भाजपा ने सीबीआई जांच की मांग की
भाजपा ने भी मामले की सीबीआई जांच की मांग की है. वहीं झारखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता बाबुलाल मरांडी ने भी निशा भगत की प्रतिमा लगवाने की मांग सरकार से की है. केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष बबलु मुंडा, फुलचंद तिर्की, अशोक मुंड़ा, आदिवासी नेता सन्नी टोपो ने भी रांची में निशा भगत की प्रतिमा स्थापित करने के लिए चैनपुर (गुमला) जाकर परिजनों और गांववालों से बातचीत करने फैसला किया है.
NCST और NCW मामले में लिया संज्ञान
निशा भगत की मौत मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) ने संज्ञान लिया है. आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए झारखंड सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगने की बात कही है. वहीं राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने भी निशा भगत की आत्महत्या मामले में स्वंतः संज्ञान लिया है. आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर मामले की निष्पक्ष, विस्तृत एवं समयबद्ध जांच के साथ निशा के फेसबुक लाइव, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के संरक्षण को सुनिश्चित करने को कहा है.

