Ramgarh News : रविवार को रांची से रामगढ़ आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने चुट्टूपालू घाटी में अपने से आगे चल रहे दूसरे ट्रेलर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि पीछे वाले ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसके चालक व खलासी बुरी तरह क्षतिग्रस्त केबिन के भीतर ही फंस गए.
इसे भी पढ़ें...
जानकारी के अनुसार, ट्रेलर संख्या BR 02 GE 6688 रांची से रामगढ़ की ओर आ रहा था. इसी दौरान उसने आगे चल रहे ट्रेलर संख्या NL 01 AB 2576 को पीछे से टक्कर मार दी. बताया जा रहा है कि पीछे चल रहे ट्रेलर का ब्रेक फेल हो जाने के कारण यह दुर्घटना हुई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची. केबिन में फंसे चालक और खलासी को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद ली जा रही है. क्षतिग्रस्त ट्रेलर के अगले हिस्से को काटकर दोनों को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है. रेस्क्यू टीम लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है.
हादसे के बाद घाटी में लगा जाम
दुर्घटना के बाद रामगढ़ घाटी में वाहनों की लंबी कतार लग गई. राहत एवं बचाव कार्य को देखते हुए पुलिस ने एक लेन को पूरी तरह बंद कर दिया, जबकि दूसरी लेन से वाहनों का परिचालन कराया जा रहा है.
गौरतलब है कि रामगढ़ चुट्टूपालू घाटी में भारी वाहनों के ब्रेक फेल होने और अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं. इस हादसे ने एक बार फिर घाटी में भारी वाहनों की सुरक्षित आवाजाही और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

