Bokaro News : झारखंड के बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड अंतर्गत कुंदा पंचायत में एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. खखड़ा और जागेश्वर बिहार थाना क्षेत्र के डाकासाडम जाने वाली मुख्य सड़क के बीच सुनसान स्थान पर महिला का शव बरामद किया गया. मृतका की पहचान चोरगांवा निवासी महेंद्र कुमार मंडल की 38 वर्षीय पत्नी नीलू देवी के रूप में हुई है.
इसे भी पढ़ें...
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना जागेश्वर बिहार पुलिस को दी. सूचना पर थाना प्रभारी प्रकाश यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया.
पति पर हत्या करने का आरोप
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और हंगामा किया. मृतका के पिता रामेश्वर मंडल ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए अपने दामाद महेंद्र कुमार मंडल पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
पिता के अनुसार, करीब 26 वर्ष पहले नीलू देवी की शादी महेंद्र मंडल से हुई थी. दोनों के चार बेटे हैं. बड़ा बेटा दीपक कुमार शादीशुदा है और बिहारशरीफ में रहकर काम करता है, जबकि तीन नाबालिग बेटे घर पर ही रहते हैं.
रामेश्वर मंडल का आरोप है कि पिछले तीन-चार वर्षों से महेंद्र मंडल का गांव की ही एक महिला के साथ अवैध संबंध था. नीलू देवी इसका विरोध करती थीं, जिसके कारण उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था. परिजनों ने इसी विवाद में नीलू देवी की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है.
इस मामले में थाना प्रभारी प्रकाश यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. पुलिस हत्या, हादसे समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

