Ranchi News : रांची, पूर्वी सिंहभूम, गुमला, खूंटी और लोहरदगा जिले में अगले एक से तीन घंटे के भीतर तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है. साथ ही मेघ गर्जन और वज्रपात की भी आशंका है. मौसम विभाग ने इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.
इसे भी पढ़ें...
तीन दिन बाद गिरेगा रात का पारा
मौसम विभाग के अनुसार, 17 अक्टूबर को राज्य के दक्षिणी भाग में कहीं-कहीं बारिश या मेघ गर्जन के आसार हैं. 18 से 23 अक्टूबर तक सुबह कुहासा रहने के बाद आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा. अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा. इसके बाद अगले दो दिनों में रात के पारे में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है.
कांके में दर्ज हुई सर्वाधिक बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई. सबसे ज्यादा 43 मिमी बारिश रांची के कांके में हुई है. इसके अलावा रांची एरो में 36 मिमी और तोपचांची में 23 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस पश्चिम सिंहभूम के जगन्नाथपुर में दर्ज किया गया.
खराब मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी गई है. पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने को कहा गया है ताकि अप्रिय घटना से बचा जा सके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

