Ranchi News : रांची जिले के मांडर थाना क्षेत्र के मलती सदान टोला में शनिवार को एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. युवती की पहचान रमेश चौरसिया की बेटी काजल कुमारी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, काजल की शादी 30 नवंबर को होने वाली थी. घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है.
इसे भी पढ़ें...
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे काजल अपनी दादी के साथ घर पर थी. उसके पिता किसी काम से रांची गए हुए थे, जबकि मां आंगनबाड़ी केंद्र गई थी. इसी दौरान रसोई में खाना जलने लगा. दादी ने काजल को आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को बुलाया.
दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर काजल छप्पर की लकड़ी से साड़ी के सहारे लटकी मिली. परिजन उसे तत्काल मांडर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलने पर मांडर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. फिलहाल युवती की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है.
परिजनों के अनुसार, तीन भाई-बहनों में काजल सबसे बड़ी थी. इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह घर पर रह रही थी. आगामी 30 नवंबर को उसकी शादी होनी थी. अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोग सदमे में हैं. पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा.

