Search

बोकारो में DMFT के पैसे से खरीदा गया 16 LED VAN लापता

LAGATAR EXPOSE
  • LED VAN खरीद के लिए कंपनी को 2.99 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था.
  • जांच एजेंसियों को LED VAN बाजार से ऊंचे दर पर खरीदे जाने की आशंका .
  • DMFT मद में बाजार से अधिक दाम पर सामग्रियों की खरीद से संबंधित दस्तावेज मिले .

Ranchi: बोकारो में DMFT के पैसों से प्रचार-प्रसार के लिए खरीदा गया 16 LED VAN लापता बताया जाता है. सभी LED VAN बोकारो के प्रकाश जेरोक्स नामक कंपनी के माध्यम से खरीदी गयी थी. इसके लिए इस कंपनी को 2.99 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था. इस कंपनी ने LED VAN के अलावा स्कूलों में बेंच-डेस्क की भी आपूर्ति की है. 

 

बोकारो DMFT घोटाले के मामले में जारी छापेमारी और जांच के दौरान पाया गया कि इस कंपनी को LED VAN सप्लाई का आदेश दिया गया था. इसके लिए वर्क ऑर्डर नंबर 430 जारी किया गया था. हालांकि DMFT में सामग्रियों की खरीद के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया था. दस्तावेज में इस कंपनी द्वारा 16 LED VAN की आपूर्ति कर दिये जाने का उल्लेख है. लेकिन आयकर विभाग द्वारा जारी जांच के दौरान जिले में LED VAN का कहीं पता नहीं चल रहा है. 

 

इस घोटाले को और ज्यादा समझने के लिए पढ़ें...

 

LED VAN का पता नहीं चलने से इस पूरी खरीद प्रक्रिया को बड़ी साजिश के परिणाम के रूप में देखा जा रहा है. प्रकाश जेरोक्स के मालिक देव प्रकाश राय भी जांच के दौरान LED VAN की खरीद से संबंधित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा पा रहा है. जांच एजेंसियों को LED VAN बाजार से ऊंचे दर पर खरीदे जाने की आशंका जतायी जा रही है.

 

प्रकाश जेरोक्स ने LED VAN की आपूर्ति से पहले जिले के विभिन्न प्रखंडों मे चल रहे स्कूलों और छात्रावासों में बेंच, डेस्क के अलावा  BUNK BED की भी आपूर्ति की है. इसके लिए उसे DMFT से चार करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया है. जांच में पाया गया है कि प्रकाश जेरोक्स ने मदरसा हनिफिया द्वारा संचालित हॉस्टल में 30 Bunk bed की आपूर्ति की है. यह हॉस्टल जिले के चास प्रखंड में है. दस्तावेज में इस कंपनी द्वारा चास प्रखंड के ही Archery और Athletics ट्रेनिंग सेंटर में 50 Bunk bed की आपूर्ति और उसके भुगतान का उल्लेख किया गया है. 

 

इस घोटाले को और ज्यादा समझने के लिए पढ़ें....

 

इस कंपनी द्वारा  गोमिया और जरिडीह प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में भी Bunk bed की आपूर्ति किये जाने का उल्लेख है. इसके अलावा चंदनकियारी, नवाडीह, पेटरवार, कसमार, चास और बोकारो स्टील सिटी के स्कूलों में भी Bunk bed सप्लाई करने का आदेश दिया गया था. दस्तावेज में कंपनी द्वारा इन स्कूलों में 25-50 की संख्या में Bunk bed की आपूर्ति का काम पूरा करने के बदले भुगतान करने का उल्लेख किया गया है.

 

झारखंड विधानसभा बजट सत्र की सभी खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें.

 

DMFT में बाजार से 25 गुना अधिक दाम पर समाग्रियां खरीदी गयीं

आयकर विभाग द्वारा जारी छापामारी के दौरान DMFT मद में बाजार से अधिक दाम पर सामग्रियों की खरीद से संबंधित दस्तावेज मिले हैं. दस्तावेज की जांच के दौरान बाजार मूल्य से पांच से 25 गुना तक अधिक दाम पर सामग्रियों की खरीद का मामला पकड़ में आया है. बाजार मूल्य से अधिक मूल्य पर किये गये भुगतान की राशि को सप्लायरों ने निकाल कर बड़े लोगों के बीच में बांटा है. वास्तविक मूल्य से मिली अधिक राशि की निकासी नकद और चेक के माध्यम से की गयी है. चेक से की गयी निकासी के लिए मनमाने नामों का इस्तेमाल किया गया है. साथ ही सप्लायर द्वारा उस नाम के दस्तखत को प्रमाणित किया गया है.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp