Ranchi News : दुमका के काठीकुंड में नौवीं कक्षा की आदिवासी छात्रा के साथ दुष्कर्म और हत्या और रांची ट्रिपल आईटी के छात्र आदित्य की मौत के विरोध में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) ने मंगलवार को रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर प्रदर्शन किया.
इसे भी पढ़ें...
प्रदर्शनकारियों ने दुमका मामले में आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा, सुरक्षा व एक आश्रित को नौकरी देने की मांग की. वहीं, आदित्य की मौत के मामले में ट्रिपल आईटी के निदेशक प्रो. राजीव मिश्रा को बर्खास्त करने और संस्थान की जवाबदेही तय करने की मांग उठाई.
आइसा के राज्य सचिव त्रिलोकीनाथ ने कहा कि आदिवासी छात्रा के साथ हुई घटना महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है. उन्होंने सरकार और पुलिस-प्रशासन से सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सरकार की जिम्मेदारी है और कार्रवाई में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
आइसा के रांची जिला अध्यक्ष विजय कुमार ने ट्रिपल आईटी के छात्र आदित्य की मौत के लिए संस्थान के प्रशासन की जवाबदेही तय करने की मांग की. उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जानी चाहिए. किसी छात्र की मौत को केवल व्यक्तिगत घटना बताकर संस्थान अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकता. उन्होंने निदेशक प्रो. राजीव मिश्रा से इस्तीफा देने की मांग करते हुए कहा कि संस्थान में छात्रों की सुरक्षा और बेहतर शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित किया जाना चाहिए.
आइसा की रांची जिला सचिव संजना मेहता ने दुमका की छात्रा के परिवार को मुआवजा, सुरक्षा और एक आश्रित को नौकरी देने की मांग दोहराई. उन्होंने ट्रिपल आईटी के निदेशक को बर्खास्त करने, आदित्य की मौत की निष्पक्ष जांच कराने और संस्थान की जवाबदेही तय करने की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने ट्रिपल आईटी का स्थायी परिसर बनाने और वहां सभी जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया.
प्रदर्शन में सोहेल अंसारी, नौरीन अख्तर, रंजीत सिंह, गुड्डू भुइंया, आकाश रंजन, रितेश मिश्रा, सुफियान, स्नेहा महतो, राकेश बड़ाइक, प्रियंका, मजहर, सदफ, निखिल राज और अभिषेक सिंह समेत दर्जनों छात्र-छात्राएं शामिल हुए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

