Ranchi News : नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सीएम की आलोचना करने वाले ट्वीट को लेकर छात्रों को पुलिस की ओर से भेजे जा रहे नोटिस पर सरकार को घेरा है. उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने के लिए पुलिस का इस्तेमाल कर रही है.
भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने इस नोटिस को कूड़ेदान में फेंक देने लायक बताया. बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री को उनकी टाइमलाइन के ट्वीट निकालकर देखने की नसीहत दी है. कहा है कि अगर आपमें और पुलिस में हिम्मत है, तो मेरे खिलाफ केस करिए.
राहुल गांधी से भी पूछा सवाल
बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी सवाल पूछे हैं. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी आप सिर्फ दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पुणे जाएंगे या झारखंड भी आएंगे. उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि झारखंड में कांग्रेस-झामुमो की सरकार द्वारा छात्रों पर हो रही दमनात्मक कार्रवाई पर आपकी जुबान पर ताले क्यों लटके हैं?
छात्रों के अधिकारों की बात करने वाले राहुल गांधी झारखंड के छात्रों के मामले में खामोश क्यों हैं. उन्होंने राहुल गांधी से इस पर जवाब देने की मांग की है.
जेल भरने की दी चेतावनी
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अगर सरकार छात्रों को डराने, धमकाने या जेल भेजने की कोशिश करती है, तो भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जेल भरेंगे. उन्होंने कहा कि छात्रों को डराकर उनकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता. भाजपा अभिव्यक्ति की आजादी और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए छात्रों के साथ खड़ी है.
भाजपा नेता ने कहा कि JPSC-JSSC भर्ती में गड़बड़ी और नौकरी बेचने के आरोपों के खिलाफ पार्टी की लड़ाई जारी रहेगी. जब तक दोषियों को जेल नहीं भेजेंगे, तब तक भाजपा अपना आंदोलन जारी रखेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

