Bokaro News: बेरमो अनुमंडल के बेरमो प्रखंड क्षेत्र में कोयले के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ CISF ने कार्रवाई तेज कर दी है. 'जीरो कोल लीकेज' अभियान के तहत CISF ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध कोयला कारोबारियों को कड़ा संदेश दिया है. कार्रवाई के दौरान 38.820 टन अवैध रूप से भंडारित कोयला बरामद किया गया, वहीं, कोयला लदा एक पिकअप वाहन भी जब्त किया गया.
इसे भी पढ़ें...
पहली कार्रवाई में CCL की B&K एरिया अंतर्गत DCCPL बैदकारो माइंस क्षेत्र में कमांडेंट राजप्रताप सिंह के निर्देश पर छापेमारी की गई. गारा अभिलाष, उप कमांडेंट और धनंजय कुमार पांडेय, सहायक कमांडेंट के नेतृत्व में CISF रेड टीम, आसूचनाकर्मियों तथा CCL सुरक्षाकर्मियों ने संयुक्त अभियान चलाया. इस दौरान बैदकारो माइंस के विभिन्न स्थानों पर अवैध रूप से भंडारित 38.820 टन कोयला बरामद किया गया. बरामद कोयले को आवश्यक कार्रवाई के लिए CCL प्रबंधन को सौंप दिया गया.
वहीं, खेतको बस्ती से अवैध रूप से कोयला परिवहन किए जाने की सूचना पर CISF ने चरकपनिया, खेतको, चलकारी, ढोरी खास और कल्याणी समेत संवेदनशील इलाकों में एरिया डोमिनेशन और एम्बुश अभियान चलाया.
इसी क्रम में तड़के करीब 3:50 बजे ढोरी खास के निकट खेतको की ओर से आ रहे एक संदिग्ध पिकअप वाहन (JH 01CL 3168) को रोका गया. CISF जवानों को देखते ही चालक वाहन सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गया.
इसके बाद जवानों ने वाहन की तलाशी ली, जिसमपर कोयला लदा हुआ पाया गया. अवैध परिवहन की आशंका के आधार पर वाहन और उसमें लदे कोयले को जब्त कर लिया गया. इस दौरान करीब 20 से 40 स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे. हालांकि, छापेमारी दल में शामिल जवानों ने संयम और पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए स्थिति को नियंत्रित रखा तथा वाहन को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया.
वाहन से बरामद कोयले की मात्रा और उसकी कीमत का आकलन CCL प्रबंधन द्वारा किया जा रहा है. सूत्रों के अनुसार, मामले में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 (MMDR Act) के प्रावधानों के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
CISF की लगातार छापेमारी से क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है. बल ने स्पष्ट किया है कि कोयले की अवैध निकासी और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

