Ranchi News : झारखंड पुलिस में चालक हवलदारों को परिवहन अवर निरीक्षक (ट्रांसपोर्ट SI) के पद पर प्रोन्नति देने की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है. पुलिस मुख्यालय की ओर से 29 जुलाई को हुई केंद्रीय चयन पर्षद की बैठक का कार्यवृत्त (ब्यौरा) जारी किया गया है.
गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने चालक हवलदार संवर्ग में कुल 10 पद स्वीकृत किए हैं. इनमें सात पद फिलहाल रिक्त हैं. रिक्त पदों में पांच सामान्य और दो अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए है. इन पदों को लेकर रोस्टर क्लीयरेंस की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है.
भेजे गए 13 में से 11 प्रमोशन के योग्य
क्षेत्रीय चयन पर्षद ने केंद्रीय चयन पर्षद को 13 चालक हवलदारों के नाम भेजे थे. इनमें बबन तिवारी नामक एक कर्मी 30 जून को सेवानिवृत्त हो चुके हैं. इसके बाद चयन पर्षद ने शेष 12 कर्मियों की सेवा पुस्तिका (सर्विस बुक) और संबंधित अभिलेखों (रिकॉर्ड) की जांच की, जिसमें 11 चालक हवलदार प्रोन्नति के योग्य पाए गए.
जबकि एक कर्मी को निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर अयोग्य घोषित किया गया. अब चयन पर्षद की अनुशंसा के आधार पर आगे की विभागीय प्रक्रिया पूरी की जाएगी. प्रोन्नति मिलने के बाद चयनित कर्मियों को परिवहन अवर निरीक्षक के पद पर जिम्मेदारी दी जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

