Ranchi News : चारा घोटाले से जुड़े एक मामले में झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की ओर से सीबीआई के आरोप पत्र का खंडन किया गया है. न्यायमूर्ति अनुभा रावत चौधरी की अदालत में हुई सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने सरकारी फाइलों की नोटिंग का हवाला देते हुए कहा कि लालू प्रसाद ने निगरानी (विजिलेंस) जांच को कभी नहीं रोका. यह मामला देवघर कोषागार से अवैध निकासी से जुड़ा है.
इसे भी पढ़ें...
क्या है पूरा मामला
सीबीआई ने अपनी चार्जशीट में आरोप लगाया था कि वर्ष 1994 में दुमका के तत्कालीन क्षेत्रीय निदेशक डॉ. शेष मुनि राम के खिलाफ फर्जी आवंटन पत्रों के जरिए अवैध निकासी के मामले में निगरानी जांच शुरू हुई थी. लोक लेखा समिति (PAC) के तत्कालीन अध्यक्ष जगदीश शर्मा ने 17 जून 1994 को मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इस जांच को रोकने का आग्रह किया था. सीबीआई का दावा है कि लालू प्रसाद यादव ने आरोपियों को बचाने के लिए इस फाइल को कुल 16 महीनों तक दबाए रखा और जांच को बाधित किया.
लालू प्रसाद के अधिवक्ता ने अदालत में निगरानी विभाग की फाइल (प्रदर्श-10/34) पेश करते हुए बताया कि तत्कालीन मुख्य सचिव और निगरानी के डीजी डी.एन. सहाय ने खुद यह राय दी थी कि जब तक पीएसी की जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक निगरानी जांच को स्थगित रखा जाए. इसके विपरीत, लालू प्रसाद ने 2 फरवरी 1996 को फाइल पर स्पष्ट आदेश दिया कि पीएसी से दस्तावेजों की छायाप्रति लेकर एक महीने के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपी जाए.
रिश्वत के आरोपों का कोई सबूत नहीं
बचाव पक्ष ने कहा कि चार्जशीट में आर.के. राणा को 50 लाख रुपये दिए जाने और उसका एक हिस्सा लालू प्रसाद तक पहुंचने का जो आरोप लगाया गया है, उसके समर्थन में न तो कोई दस्तावेजी सबूत है और न ही किसी गवाह का बयान.
वकील ने तर्क दिया कि जुलाई 1994 से मार्च 1995 के बीच फाइल मुख्यमंत्री सचिवालय में लंबित रही थी, न कि मुख्यमंत्री के पास. इसके बाद अप्रैल 1995 में नई सरकार का गठन हुआ.
अदालत को बताया गया कि सीआरपीसी की धारा 313 के तहत दर्ज बयान में भी लालू प्रसाद ने कहा था कि यदि वे इस घोटाले में शामिल होते, तो डॉ. शेष मुनि राम के फर्जी पत्रों को डीजी विजिलेंस को सौंपने के बजाय नष्ट कर देते. कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 26 नवंबर निर्धारित की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

