Bihar News : मोतिहारी इंजीनियरिंग कॉलेज के हॉस्टल में शुक्रवार सुबह नाश्ते के दौरान विवाद हो गया. आरोप है कि कहासुनी के बाद रसोइये ने गर्म तेल से भरी कड़ाही छात्राओं की ओर फेंक दी, जिससे तीन छात्राएं झुलस गईं. घटना के बाद हॉस्टल में हड़कंप मच गया और छात्रों ने जमकर हंगामा किया.
घायल छात्राओं की पहचान मोनाली कुमारी, मधु प्रिया और मुस्कान कुमारी के रूप में हुई है. घटना के बाद कॉलेज प्रशासन ने तुरंत तीनों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया. इसके बाद तीनों छात्राओं को कॉलेज वापस भेज दिया गया.
कहासुनी के बाद गर्म तेल फेंकने का आरोप
छात्राओं का आरोप है कि हॉस्टल की रसोई में नाश्ता तैयार किया जा रहा था. इसी दौरान रसोइये और कुछ लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रसोइये ने गुस्से में गर्म तेल से भरी कड़ाही छात्राओं की तरफ फेंक दी. तेल के छींटे पड़ने से तीन छात्राएं झुलस गईं.
कॉलेज प्रशासन ने रसोइये को पुलिस को सौंपा
घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज प्रशासन ने रसोइये को पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने रसोइये और घायल छात्राओं का बयान दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना आखिर किस परिस्थिति में हुई.
रसोइये ने आरोपों से किया इनकार
वहीं, रसोइया ने छात्राओं के आरोपों को गलत बताया है. उसका कहना है कि गर्म तेल से भरी कड़ाही अचानक उसके हाथ से छूट गई. इसी वजह से तेल गिरा और छात्राएं उसकी चपेट में आ गईं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि गर्म तेल से भरी कड़ाही गलती से गिरी या फिर विवाद के दौरान जानबूझकर छात्राओं की ओर फेंकी गई. (बिहार की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...)
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

