Jharkhand Education News : झारखंड में NEET UG 2026 के तहत MBBS और BDS में एडमिशन के लिए पहले राउंड की काउंसलिंग होनी है. इसके लिए रजिस्ट्रेशन कराने का अंतिम मौका है. JCECEB की ओर से जारी संशोधित शेड्यूल के अनुसार, अभ्यर्थी 25 अगस्त तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं. इसी दिन तक कॉलेज की पसंद भरने और भरे गए विकल्प में बदलाव करने का भी मौका मिलेगा.
पहले अलग-अलग थी अंतिम तारीख
JCECEB ने मेडिकल काउंसलिंग कमेटी यानी MCC के निर्देश के बाद काउंसलिंग का संशोधित कार्यक्रम जारी किया है. नए कार्यक्रम में रजिस्ट्रेशन, चॉइस फिलिंग और विकल्प में सुधार की अंतिम तारीख 25 अगस्त तय की गई है. ऐसे में जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उनके पास आवेदन पूरा करने के लिए सिर्फ कल तक का समय है.
27 अगस्त से शुरू होगा सीट अलॉटमेंट
पहले राउंड यानी 27 अगस्त से 5 सितंबर तक सीट अलॉटमेंट की प्रक्रिया चलेगी. इस दौरान अभ्यर्थी अपना प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट लेटर डाउनलोड कर सकेंगे. दस्तावेज जांच और कॉलेज में नामांकन की प्रक्रिया 28 अगस्त से 5 सितंबर तक होगी. सीट मिलने के बाद अभ्यर्थियों को तय समय के अंदर जरूरी प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
इन कॉलेजों की AIQ सीटों पर भी लागू
काउंसलिंग शेड्यूल राज्य कोटा के अलावा कुछ निजी मेडिकल और डेंटल कॉलेजों की ऑल इंडिया कोटा यानी AIQ सीटों पर भी लागू होगा. इनमें लक्ष्मी चंद्रवंशी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (पलामू), नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (सरायकेला-खरसावां), सिद्धो कान्हू मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (दुमका), बिरसा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च (खूंटी) और वनांचल डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (गढ़वा) शामिल हैं.
दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए RIMS जारी करेगा प्रमाण पत्र
2026-27 सत्र से MBBS, BDS और BHMS में दाखिले के लिए दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने की जिम्मेदारी RIMS को दी गई है. वहीं BHMS की सीटों की जानकारी अभी स्वास्थ्य विभाग से JCECEB को नहीं मिली है. सीटों का विवरण मिलने के बाद NEET UG की राज्य मेधा सूची के आधार पर BHMS में सीट आवंटन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
दूसरे राउंड की तारीख बाद में
दूसरे, तीसरे और स्ट्रे वैकेंसी राउंड का नया शेड्यूल बाद में जारी किया जाएगा. इसके लिए MCC के अगले निर्देश का इंतजार किया जा रहा है. अभ्यर्थियों के लिए जरूरी है कि वे 25 अगस्त तक रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया पूरी कर लें. इसके बाद पहले राउंड में आवेदन का मौका नहीं मिलेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

