Ranchi : भाजपा ने केंद्रीय संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी और पदाधिकारियों की आधिकारिक सूची जारी की है. नई सूची में झारखंड के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा को पदोन्नत करते हुए पार्टी का राष्ट्रीय मंत्री नियुक्त किया गया है. इस महत्वपूर्ण नियुक्ति के साथ ही राष्ट्रीय राजनीति और केंद्रीय संगठन में प्रदीप वर्मा का कद और प्रभाव काफी बढ़ गया है.
रांची की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
प्रदीप वर्मा लंबे समय से झारखंड भाजपा में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं. प्रदेश संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों और प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर रहते हुए उन्होंने जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने में अहम योगदान दिया है. केंद्रीय नेतृत्व ने उनके संगठनात्मक अनुभव, समर्पण और कार्यकुशलता को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय टीम में शामिल करने का फैसला किया है.
भाजपा की ओर से जारी आधिकारिक सूची में कई अन्य राज्यों के नेताओं को भी राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं. राष्ट्रीय मंत्री के रूप में प्रदीप वर्मा (झारखंड) के साथ कविता पाटीदार (मध्य प्रदेश), के. सुरेंद्रन (केरल), भोला सिंह (उत्तर प्रदेश), जगदीश ईश्वरभाई पटेल (गुजरात), संदीप पाठक (दिल्ली), फांगनोन कोन्याक (नागालैंड), संगीता यादव (उत्तर प्रदेश), अनिल एंटनी (केरल), एम. वेंकटेशन (तमिलनाडु), मनोज टिग्गा (पश्चिम बंगाल), सिद्धार्थ शंभू (बिहार), स्वदेश सिंह (दिल्ली), मृगांक देव बर्मन (असम), रोहन गुप्ता (गुजरात) और जय प्रकाश (दिल्ली) को जिम्मेदारी दी गई है. इसके अलावा पीयूष गोयल (महाराष्ट्र) को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और राजेश मंगल (राजस्थान) को राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष बनाया गया है.
प्रदीप वर्मा को राष्ट्रीय मंत्री बनाए जाने की घोषणा के बाद झारखंड प्रदेश भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है. बाबूलाल मरांडी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी है. पार्टी कार्यकर्ताओं का मानना है कि केंद्रीय नेतृत्व के इस निर्णय से आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और रणनीतियों में झारखंड को केंद्रीय स्तर पर और अधिक मजबूती तथा प्रतिनिधित्व मिलेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

